मैनचेस्टर। इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट को शानदार ढंग से ड्रॉ कराने के बावजूद भारतीय टीम को पांचवें टेस्ट में आदर्श एकादश की तलाश है। पांच मैचों की श्रृंखला का अंतिम टेस्ट 31 जुलाई से द ओवल में खेला जाएगा। भारतीय टीम प्रबंधन गेंदबाजी संयोजन में परिवर्तन कर सकता है।
बल्लेबाजी में आठवें क्रम तक गहराई देने के लिए एक विशुद्ध गेंदबाज को बाहर बिठाने के निर्णय पर सवाल उठ रहे हैं। चोटिल ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की जगह शामिल किए शार्दुल ठाकुर से सिर्फ 11 ओवर फिंकवाने की भी आलोचनाएं हो रही हैं। बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव का अंतिम एकादश के लिए दावा और मजबूत हुआ है। पदार्पण टेस्ट में निष्प्रभावी रहे तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को द ओवल में आराम दिया जा सकता है और उनकी जगह फिटनेस हासिल कर चुके आकाशदीप या प्रसिद्ध कृष्णा को लिया जा सकता है। तेज गेंदबाज अर्शदीप की हाथ की चोट अब ठीक हो गई है। उनका भारत के लिए टेस्ट पदार्पण का स्वप्न भी पूरा हो सकता है। हालांकि कोच गौतम गंभीर ने कहा है कि सभी गेंदबाज फिट हैं पर इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता कि बुमराह और सिराज पर थकान हावी है।
