मध्य प्रदेश के धार जिले में ऐतिहासिक भोजशाला में शुक्रवार को वसंत पंचमी पर शांति से पूजा और हवन किए गए। कड़ी सुरक्षा के बीच भोजशाला में मां सरस्वती की पूजा के साथ ही परिसर में स्थित कमाल मौलाना मस्जिद में नमाज भी अदा की गई। सुरक्षा के मद्देनजर आठ हजार जवानों को तैनात किया गया और ड्रोन से निगरानी भी की गई।
इस दौरान किसी भी तरह का विवाद सामने नहीं आया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को हिंदुओं ने सूर्योदय से सूर्यास्त तक मां सरस्वती की पूजा और हवन जारी रहा। पूर्णाहूति के बाद हवन पूर्ण हुआ और धारवासियों ने चैन की सांस ली। वहीं, दोपहर में एक से तीन बजे तक भोजशाला परिसर में ही तय संख्या में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने नमाज पढ़ी। आस्था और इबादत की दोनों धाराएं कड़ी सुरक्षा के बीच एक जगह और एक समय पर देखने को मिलीं।न पत्थर चले और न ही आंसू गैस के गोले छोड़े गए।
बीते वर्षों में जब भी वसंत पंचमी शुक्रवार को आई थी, धार के हालात बिगड़े थे, लेकिन इस बाद प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक रखी थी और धार के लोगों ने भी धीरज धरा। वसंत पंचमी और जुम्मे की नमाज निर्विघ्न तरीके से सम्पन्न हुई ।
