मैनचेस्टर। ओल्ड ट्रैफर्ड में बुधवार से शुरू हो रहे बेहद अहम चौथे टेस्ट से पहले भारतीय टीम चोट की समस्याओं से घिर गई है। अभ्यास सत्र के दौरान अर्शदीप सिंह के चोटिल होने के बाद एजबेस्टन टेस्ट में 10 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज आकाशदीप भी कमर के दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं।
नतीजन टीम प्रबंधन को इन दोनों के कवर के तौर पर हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को इंग्लैंड बुलाना पड़ गया है। यही नहीं, ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी भी रविवार को चोटिल हो गए हैं। जिम के दौरान उनका घुटना चोटिल हो गया है। उनका चौथे टेस्ट में खेलना सुनिश्चित नहीं है। स्कैन में पाया गया है कि उनके लिगामेंट को क्षति पहुंची है। आकाशदीप-अर्शदीप अगर चौथे टेस्ट से पहले पूरी तरह फिट नहीं होते हैं तो अंशुल के टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण की संभावनाएं हैं। ऋषभ पंत अंगुली की चोट से जूझ रहे हैं। यह तय नहीं है कि वह ओल्ड ट्रैफर्ड में विकेटकीपिंग करेंगे भी या नहीं। संभावना है कि पंत की अंगुली अगर ठीक नहीं होती है तो उन्हें चौथे टेस्ट में बतौर बल्लेबाज उतारा जा सकता है, जबकि ध्रुव जुरेल से विकेटकीपिंग कराई जा सकती है।
