लखनऊ। केंद्र सरकार के जातीय जनगणना कराने के फैसले का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम मंत्रियों और नेताओं ने स्वागत किया है। सीएम ने इसे 140 करोड़ देशवासियों के समग्र हित में लिया गया ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय वंचित, पिछड़े और उपेक्षित वर्गों को उचित पहचान दिलाएगा। योजनाओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में यह निर्णायक पहल है। सीएम ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा जाति जनगणना को आगामी जनगणना में शामिल करने का निर्णय अभूतपूर्व एवं स्वागत योग्य है। यह सामाजिक न्याय और डाटा आधारित सुशासन को वास्तविकता में बदलने का ऐतिहासिक प्रयास है। यह कदम न सिर्फ सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायक होगा, बल्कि समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने में मदद मिलेगी
