नई दिल्ली। सोने की कीमतों में लगातार सातवें कारोबारी सत्र से तेजी जारी है। मंगलवार को यह दिल्ली सराफा बाजार में 400 रुपये महंगा होकर 1,06,070 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया। अमेरिकी टैरिफ और डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट के कारण सुरक्षित निवेश के लिए लोगों की बढ़ती मांग से सोने की कोमतों में तेजी आई। चांदी की कीमत भी 100 रुपये महंगी होकर 1,26.100 रुपये प्रति किलोग्राम के सार्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। ऑग्मोंट में शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा. पिछले हफ्ते एक अमेरिकी अपीलीय अदालत की ओर से व्हाइट हाउस के तथाकथित जवाबी टैरिफ को गैरकानूनी बताने वाले फैसले को बरकरार रखने के बाद मंगलवार को सोने की कीमत रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई। टैरिफ के खिलाफ कोई भी फैसला अमेरिका को प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के साथ समझौतों पर बातचीत करने के लिए भी मजबूर करेगा।
वैश्विक बाजार में हाजिर सोना रिकॉर्ड स्तर से गिरकर 3,477.41 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। कारोबार के दौरान यह 3,508.54 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर पर पहुंच गया था।5,900 रुपये महंगा
पिछले सात सत्रों में सोने की कीमत में 5,900 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई है। चालू वर्ष में सोना 34.35 फीसदी चढ़ा है। यह 31 दिसंबर, 2024 को 78,950 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। वहीं, चांदी में पिछले तीन सत्रों में 7,100 रुपये प्रति किलोग्राम की तेजी आई है। इस साल अब तक चांदी ने सोने से बेहतर प्रदर्शन किया है। डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को पांच पैसे टूटकर 88.15 के सार्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ। भारत-अमेरिका व्यापार सौदे को लेकर अनिश्चितता और घरेलू बाजार में कमजोरी से रुपये में गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 88.14 पर खुला।
