प्रयागराज। कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट.के अध्यक्ष पद पर चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह की जीत सुनिश्चित होने के बाद विकास भवन से लेकर ट्रस्ट कार्यालय तक जश्न का माहौल रहा। समर्थकों ने देर तक गुलाल उड़ाया और पटाखे फोड़े। वहीं, राघवेंद्र नाथ सिंह के आवास पर भी देर रात तक जश्न मनाया गया।
सुबह 10 बजे मतों की गिनती शुरू होने से पहले विकास भवन पर चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह एवं डॉ. सुशील सिन्हा के समर्थक जुटने लगे थे। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग पहुंच गए।
समर्थक देर शाम तक विकास भवन पर डटे रहे और गहमा-गहमी का माहौल रहा। शाम करीब सवा पांच बजे चौधरी राघवेंद्र नाथ की जीत की सूचना आने
के बाद विकास भवन पर जश्न का माहौल शुरू हो गया। समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और एक-दूसरे को गुलाल लगाए।
परिणाम की सूचना के बाद केपी ट्रस्ट कार्यालय पर भी बड़ी संख्या में ‘राघवेंद्र नाथ के समर्थक पहुंचे और ढोल-नगाड़े पर थिरके। उन्होंने गुलाल उड़ाया और पटाखे फोड़े। राघवेंद्र नाथ के चिट फंड कार्यालय से देर रात ट्रस्ट कार्यालय पर पहुंचने पर जश्न और तेज हो गया और जमकर नारेबाजी हुई इस दौरान वरिष्ठ नेता कुमार नारायण कार्यकारिणी सदस्य अखिलेश सरन राय सुमित श्रीवास्तव और संदीप श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
पुनर्मतगणना में बढ़ गए 17 वोट : पुनर्मतगणना में 17 वोट बढ़ गए। 26 दिसंबर 2023 को हुई मतगणना के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए 9543 मत पड़े थे। इनमें से 9395 मतों की ही गिनती हुई थी। कार्यकारिणी सदस्य के बॉक्स में पड़े 148 मतों की गिनती नहीं हुई थी। शुक्रवार को हुई पुनर्मतगणना में 9560 वोट निकले। खास यह कि पुनर्मतगणना में 195 वोट निरस्त किए गए। वहीं पूर्व में 55 मत ही अवैध घोषित किए गए थे।
यहां गौर करने वाली यह भी है कि कार्यकारिणी बॉक्स में पड़े 148 मतों की गणना की गई। इसके अलावा 17 वोट बढ़ भी गए हैं। इसके बावजूद डॉ. सुशील सिन्हा को मिले मतों की संख्या कम हो गई। डॉ. सिन्हा को पूर्व में 4,668 वोट मिले थे।
