Homeआर्थिकजनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने लाइव मॉनिटरिंग...

जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने लाइव मॉनिटरिंग शुरू की

मुख्यमंत्री कार्यालय अब जिलों में डीएम-एसएसपी की ओर से होने वाली जनसुनवाई की लाइव निगरानी करेगा। जिलास्तर पर जनता दर्शन के प्रकरणों में गंभीरता से कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई है। इसमें प्रशासनिक लापरवाही भी सामने आई है। इसलिए हर कार्यदिवस में सभी पुलिस आयुक्त, डीएम और एसएसपी को सुबह 9:45 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से सीएम दफ्तर से जुड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

इस संबंध में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद की ओर से सभी पुलिस आयुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेज दिया गया है। इसमें कहा गया है कि जिलास्तर पर जनसुनवाई व जनता दर्शन के प्रकरणों में गंभीरता से समुचित कार्रवाई न किए जाने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की है। मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में कई प्रकरण इस तरह के प्राप्त होते हैं, जिनका समाधान जिलास्तर पर हो जाना चाहिए। इस प्रशासनिक लापरवाही से जनता को असुविधा होती है और सरकार की छवि धूमिल होती है।

इसलिए प्रशासन को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई की लगातार निगरानी और समीक्षा किए जाने के निर्देश दिए हैं। अब तहसील दिवस व थाना दिवस आदि पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को छोड़कर सभी कार्यदिवसों में सभी पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी को अपने कार्यालय कक्ष में जहां जनसुनवाई चल रही हो, सुबह 10 बजे से 12 बजे तक वीसी के माध्यम से जॉइन करने के आदेश दिए गए हैं। इस मीटिंग में मोबाइल फोन या किसी अन्य स्थान से जुड़ने की अनुमति नहीं है ।

 

शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता भी परखी जाएगी : सभी पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी व एसएसपी कार्यालय के जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय करेगा। इतना ही नहीं कुछ शिकायतकर्ताओं से संवाद कर निस्तारण की गुणवत्ता का परीक्षण किया जाएगा। यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री के सामने प्रस्तुत की जाएगी। यह भी कहा गया है कि वीसी लिंक सीयूजी नंबर पर भेजा जाएगा और सभी अधिकारी समय से जुड़ना सुनिश्चित करेंगे। अधिकारी का पदनाम और जिला डिस्प्ले नाम में दिखना भी अनिवार्य किया गया है।

Freedom News
Freedom Newshttps://freedomnews.in
Now get the fairest, reliable and fast news, only on Freedom News.in. Find all news related to the country, abroad, sports, politics, crime, automobile, and astrology in Hindi on Freedom News.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments