काहिरा/मैड्रिड/लंदन। आतंकवाद परंपाकिस्तान को बेनकाब करने ब्रिटेन गए बहुदलीय भारतीय संसदीय प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को दुनिया को चेताया कि जो आज हमारे साथ हो रहा, कल आपके साथ भी होगा। खास तौर पर वैश्विक शक्तियों के दोहरे मानदंड को लेकर अपनी बात रखी।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल भाजपा सांसद समिक भट्टाचार्य ने सोमवार को लंदन में कहा, भारत दुनिया से कोई एहसान नहीं मांग रहा है, बल्कि आतंकवाद के बढ़ते खतरे के खिलाफ स्पष्ट चेतावनी दे रहा है। कहा, हम किसी के दरवाजे पर भीख का कटोरा लेकर नहीं खंड़े हैं… हम यहां सबको यह सचेत करने आए हैं कि जो हमारे साथ हो रहा है, वह कल आपके साथ भी होगा। समिक ने कुछ वैश्विक शक्तियों के दोहरे मानदंडों पर भी निशाना साधते हुए कहा, देश गोला-बारूद बेचने के लिए अपना रुख बदलते हैं, वे हमें उपदेश देते हैं। वे कहते हैं कि बातचीत से सब कुछ सुलझाया जा सकता है। लेकिन आतंकी जब हत्या कर जाते हैं तब कोई कुछ नहीं कहता।
एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधि मंडल आतंकवाद पर भारत के रुख के बारे में जानकारी देने के लिए मिस्त्र पहुंचा। अन्य प्रतिनिधिमंडल डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि के नेतृत्व में स्पेन पहुंचा और भारत के ‘अधिक दयालु’ व ‘सुरक्षित विश्व’ बनाने का संकल्प दोहराया। मिस्त्र में भारत के राजदूत सुरेश रेड्डी ने प्रतिनिधि मंडल का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए सुप्रिया सुले ने बताया, किस तरह पाकिस्तान ने आतंकवाद के पीछे छिपकर पूरी दुनिया में दहशत फैलारखी है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां कहीं आतंकी वारदात होती है, पाकिस्तान का संबंध उजागर होता है। उधर, स्पेन में प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद पीड़ितों के एक संगठन ‘एसोसिएशन डी विक्टिमस डेल टेरोरिज्मो’ के साथ बैठक में सुरक्षित और अधिक दयालु दुनिया के लिए भारत के संकल्प दोहराया।
