नई दिल्ली। सीए बनने के लिए अब फाइनल की परीक्षा साल में तीन बार ली जाएगी। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने बृहस्पतिवार को परीक्षा प्रणाली में बदलाव की घोषणा की। अभी यह परिक्षा साल में दो बार होती है।
विश्व स्तर की सर्वोत्तम प्रथाओं के साथ तालमेल और विद्यार्थियों को अधिक अवसर देने के लिए आईसीएआई ने यह निर्णय किया है। पिछले साल, इंटरमीडिएट और फाउंडेशन कोर्स की परीक्षाएं भी साल में तीन बार कराने का निर्णय किया गया था। ये परीक्षाएं जनवरी मई और सितंबर में होंगी। इसके अतिरिक्त, सूचना प्रणाली लेखा परीक्षा में पोस्ट क्वालिफिकेशन कोर्स में भी बदलाव किया जाएगा। पहले साल में दो बार जून और दिसंबर में होता था, अब इस कोर्स के लिए मूल्यांकन परीक्षा साल में तीन बार फरवरी, जून और अक्तूबर में होगी।
