प्रयागराज। होली के मौके पर हवाई किराया आसमान छू रहा है। दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू आदि शहरों से आने के लिए विमानन कंपनियां दोगुना किराया वसूल रही हैं। ट्रेनें फुल चल रही हैं। प्राइवेट बस संचालक भी मनमाना किराया ले रहे हैं। ऐसे में रोडवेज की बसें ही अपनों संग होली मनाने का सहारा बनी हैं।
नोएडा स्थित एक निजी फर्म में काम करने वाले प्रयागराज के शांतनु शुक्ला ने बताया कि वह तत्काल टिकट का विकल्प देख रहे हैं, लेकिन किसी भी ट्रेन में बर्थ नहीं मिल पा रही है। गुरुग्राम स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले प्रतीक मालवीय ने बताया कि 10 से 13 तक दिल्ली से प्रयागराज के लिए किसी भी विमान में दस हजार से कम का किराया नहीं है। अल्लापुर निवासी एसपी
श्रीवास्तव ने बताया कि उनका पुत्र नवी मुंबई में जॉब करता है। किसी भी ट्रेन में कंफर्म बर्थ नहीं है। विमान का किराया भी 12 से 15 हजार है। दूसरी ओर, 11 से 13 मार्च के दौरान दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, बंगलूरू आदि रूट से आने वालीं तमाम ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची है। उधर, टैक्सी संचालक भी दिल्ली से प्रयागराज का 20 से 22 हजार रुपये किराया मांग रहे हैं। पुष्पराज पटेल ने बताया कि वह दिल्ली से शेयरिंग टैक्सी से आ रहे हैं। इसमें प्रति व्यक्ति कराया चार हजार रुपये मांगा गया है।
