पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार शाम आठवीं की एक छात्रा अपने कमरे में धन्नी के सहारे दुपट्टे से लटकी मिली। पुलिस को आशंका है कि एक युवक से बात करने जब पिता व भाई ने फटकार लगाई तो इससे आहत होकर छात्रा ने आत्महत्या कर ली।
वहीं, घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक ने आरोप लगाया है कि छात्रा उसकी करीबी दोस्त थी और जब वह उससे मिलने गया तो उसके परिजनों ने पिटाई कर छत से नीचे फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला व्यक्ति मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। उसकी चार बेटियां और दो बेटे हैं। सबसे छोटी बेटी पड़ोसी गांव के एक स्कूल में आठवीं की छात्रा थी। वह शनिवार शाम कमरे में दुपट्टे से लटकी मिली। परिजन उसे नीचे उतारकर नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद देर रात पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि डांट फटकार के बाद बेटी ने आत्महत्या की है। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया।
दूसरी तरफ कौशाम्बी निवासी युवक का आरोप है कि जब वह उक्त गांव स्थित अपने ननिहाल पहुंचा तो छात्रा ने मिलने के लिए उसे छत पर बुलाया। वहां गया तो पहले से मौजूद उसके भाई, पिता और अन्य लोगों ने पिटाई कर उसे छत से नीचे फेंक दिया। इससे उसके सिर व हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
