चित्रकूट थाना क्षेत्र के एक गांव के धार्मिक स्थल परिसर में शनिवार को युवक ने बंधक बनाकर युवती से दुष्कर्म किया। युवती को खोजते हुए परिजन वहां पहुंचे तो युवक भाग गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की बाइक जला दी।
आरोपी के घर धावा बोलने जा रही भीड़ को पुलिस ने किसी तरह रोककर शांत कराया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस व पीएसी तैनात है। रविवार देर शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी (18) शनिवार शाम सात बजे धार्मिक स्थल पर गई थी। वहां पहले से घात लगाए राजेश कुमार ने बेटी को दबोच लिया और दुपट्टे से हाथ-पैर बांधकर दुष्कर्म किया। काफी देर तक बेटी घर नहीं लौटी तो खोजते हुए वहां पहुंचे। बेटी को आवाज लगाने पर आरोपी राजेश अपने कपड़े छोड़ कर भाग गया। परिजन ने बेटी को बंधन मुक्त कराया और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी लाखन सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की।
घटना से गुस्साई भीड़ ने मंदिर के पास खड़ी आरोपी की बाइक फूंक दी और एक कार में भी तोड़फोड़ की। राजेश के घर धावा बोलने जा रही भीड़ को पुलिस ने समझाकर शांत कराया। रविवार को युवती का मेडिकल कराया गया। राजेश की तलाश में जुटी पुलिस ने देर शाम उसे मोहरवा-डुडौली गांव के मोड़ के पास गिरफ्तार किया। एएसपी सत्यपाल सिंह ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
