कैंट थाना क्षेत्र के राजापुर भूसा वाली गली स्थित एक पोली में सोमवार देर रात पीसीएस की तैयारी कर रही छात्रा रिया पांडेय (24) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह अपने कमरे में पंखे पर लटकी मिली। सूचना पर लाइब्रेरी संचालक अपने साथी संग रिया के पीजी पहुंचा और उसे फंदे से उतारकर बेली अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नाहीं मिला है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या करने की बात सामने आई है।
गढी निवासी रिया पिछले करीब दो महीने से राजापुर स्थित एक पीजी में रहती थी। वह पीसीएस की तैयारी करती थी। सोमवार की रात करीब डेढ़ बजे बेली अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि राजापुर भूसा वाली गली स्थित एक पीजी में रहने वाली युवती की मौत हो गई है। पुलिस जांच में पता चला कि मृतका का नाम रिया है और उसे दो युवक अस्पताल लेकर आए थे। उन्होंने डॉक्टरों को बताया कि रिया का फोन आया और कहा कि वह आत्महत्या करने जा रही है। यह सुनते ही दोनों पीजी पहुंचे तो रिया अपने कमरे में पंखे पर लटकी थी। उसे पंखे से उतारकर आननफानन इलाज के लिए अस्पताल लाए हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। मंगलवार को पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
