प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन का पब्लिक पुल आम लोगो के लिए बुधवार से बंद हो गया। पुनर्विकास कार्यक्रम के तहत इस पुल को अब ध्वस्त किया जाएगा। इसके बाद यहां कॉन्कोर्स बनेगा। सिविल लाइंस साइड और सिटी साइड में पुल के प्रवेश द्वार पर ही बैरिकेडिंग लगा दी गई। इस दौरान किसी को भी पुल पर चढ़ने, नहीं दिया गया। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया, इस पुल को ध्वस्त करने के बाद यहां कॉन्कोर्स बनेगा। बता दें कि शहरियों का इस पुल के माध्यम से आवागमन होता है। सिटी साइड से सिविल लाइंस एवं सिविल लाइंस साइड से सिटी साइड के लिए हर रोज काफी संख्या में स्कूली बच्चे भी इसी पुल का प्रयोग करते थे। इसी वजह से इसे पब्लिक पुल भी कहा जाता है।
