प्रयागराज संगम पर अब पूरे साल नाव के साथ मोटर बोट एवं बजरा भी चलेंगे। बजरा के लिए तो संचालकों से आवेदन भी मांगे जा चुके हैं। वहीं, मोटर बोट के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
महाकुंभ के बाद भी संगम पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आने का क्रम जारी है। रोजाना हजारों श्रद्धालु आ रहे हैं। कुंभ-2019 से ही संगम प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में शामिल हो गया है। महाकुंभ-2025 से इसका नया रूप ही सामने आया है। ऐसे में माना जा रहा है कि यहां श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आने का सिलसिला अब पूरे वर्ष जारी रहेगा।
इसे, देखते हुए संगम तथा आसपास के क्षेत्रों में वर्ष पर्यंत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी योजना बनाई गई है। खास यह है कि संगम आने वाले श्रद्धालुओं में नाव से भ्रमण का क्रेज भी है। ऐसे में प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से नावों के साथ बजरा एवं मोटर बोट संचालन की तैयारी की गई है।
मेलाधिकारी विजय किरन आनंद का कहना है कि श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए बजरा संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर के माध्यम से संचालकों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। जल्द ही निर्णय लेकर बजरा का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके अलावा मोटर के लिए भी सर्वे कराया जा रहा है। नदी में मार्ग आदि तय करके जल्द मोटर बोट के लिए आवेदन मांगे जाएंगे। – मेलाधिकारी ने बताया कि बजरा एवं मोटर बोट बोट क्लब, किला घाट, अरैल आदि घाटों से चलाए जाएंगे।
