नैनी में मिले सड़े शव की पहचान, पूर्व पीएसी सिपाही आशीर्वाद उर्फ प्रिंस निकले l प्रयागराज के नैनी क्षेत्र के चक हीरानंद मोहल्ले में कमरे से मिले सड़े शव की पहचान हो गई है। मृतक आशीर्वाद कुमार सिंह उर्फ प्रिंस हैं।
वह मूल रूप से बलिया जिले के फिरोजपुर, थाना नरही क्षेत्र के निवासी थे। पहले पीएसी की नैनी बटालियन में तैनात थे, बाद में सेवा से हटा दिए गए थे। परिवार के अनुसार नौकरी छूटने के बाद वह सूरत की एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहे थे। आंख में समस्या के कारण कुछ समय पहले नैनी वापस आकर रह रहे थे।
उन्होंने प्रेम विवाह किया था। कुछ समय बाद पत्नी बच्चे को लेकर अलग हो गई। परिवार को उसकी वर्तमान स्थिति की जानकारी नहीं है। पुलिस के मुताबिक शव करीब 10 दिन पुराना है। कमरे का दरवाजा खुला था और शव जमीन पर पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। नैनी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
