भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में पदभार ग्रहण कर लिया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पार्टी के मामलों में वह भी सिर्फ कार्यकर्ता है और नवीन उनके बॉस हैं। भाजपा में इस पीढ़ीगत बदलाव के अवसर पर पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के तमाम बड़े नेता और राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। नवीन भाजपा के 12वें अध्यक्ष बने हैं।
नवीन के पदभार ग्रहण समारोह में पीएम मोदी ने पंचायत, निगम, विधानसभा से लेकर लोकसभा तक चुनावी सफलताओं और विस्तार का जिक्र करते हुए कहा, भाजपा अब पार्टी विद डिफरेंस ही नहीं, बल्कि पार्टी ऑफ गवर्नेस भी है। हम लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता में हैं। महाराष्ट्र के निकाय चुनाव में भाजपा ने बाजी मारी है। हम न सिर्फ नए राज्यों में चुनाव जीत रहे हैं, बल्कि सुशासन के कारण कई राज्यों में दशकों से सत्ता में हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि केरल के लोग भी विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा को सेवा का मौका देंगे। पीएम ने कहा, लोगों को लगता होगा कि मोदी तीसरी बार पीएम बने हैं। 50 वर्ष की आयु में सीएम बन गए। पर मुख्य चीज यह है कि मुझे गर्व है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। जब पार्टी का विषय आता है तो मैं कार्यकर्ता हूं और नितिन मेरे बॉस हैं। मोदी ने कहा, मैंने अपने 11 साल का हिसाब अध्यक्षजी को दे दिया है और वही मेरी गोपनीय रिपोर्ट (सीआर) लिखेंगे।
भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नवीन ने कहा, युवाओं का राजनीति से दूरी बनाना समाधान नहीं, बल्कि इसमें सक्रिय योगदान देना है। भारत को विकसित देश बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए युवाओं को आगे आने और सकारात्मक राजनीति में भाग लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा, राजनीति में कोई शॉर्टकट नहीं है। आगे आएं और अपनी जड़ों को मजबूत रखते हुए इस राजनीतिक पिच पर काम करें।
