भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी अब होंगे वीके सिंह
भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी के लिए पिछले कुछ दिनों से जिस नाम पर चर्चा चल रही थी। उसी नाम पर पार्टी पदाधिकारियों ने अपनी मुहर लगा दी है।
रविवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ,कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह की मौजूदगी में प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी लक्ष्मण आचार्य ने डॉ वीके सिंह को प्रयागराज से जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। जबकि सपा की ओर से पहले ही मालती यादव को प्रत्याशी बनाया जा चुका है। बीके सिंह इस बार हंडिया विधानसभा के वार्ड नंबर 13 से जिला पंचायत सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए।

भाजपा द्वारा घोषित जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डॉ वीके सिंह व उनके परिवार के कई सदस्य चिकित्सा पेशे में है ।एमबीबीएस डिग्री धारक डॉ वीके सिंह की उम्र 55 वर्ष की है ।उनकी पत्नी डॉ रेखा रघुवंशी स्त्री रोग विशेषज्ञ है,इसके अलावा पुत्र डॉक्टर सिद्धार्थ सिंह ,डॉक्टर वेंकटेश सिंह भी चिकित्सक है ।डॉ वीके सिंह हंडिया पीजी कॉलेज ,नेशनल इंटर कॉलेज हंडिया ,डॉ देवराज सिंह पब्लिक स्कूल के प्रबंधक भी है ।उनका खुद का 100 बेड का एक अस्पताल भी है और वह पहले भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व सह संयोजक भी रह चुके हैं। डॉ वीके सिंह वर्ष 1991 में फूलपुर लोकसभा सीट और 1996 और 2002 में भाजपा के टिकट पर प्रतापपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के घोषित प्रत्याशी वीके सिंह और सपा प्रत्याशी मालती यादव के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी अब भी दूर है ।
क्योंकि वर्तमान समय दोनों ही प्रत्याशियों के पास अध्यक्ष पद के लिए जरूरी 43 पंचायत सदस्यों का समर्थन अभी नहीं है। हालांकि दोनों ही दल के नेता लगातार यह दावा कर रहे हैं कि उनको सदस्यों का समर्थन प्राप्त है।
Samiksha
