नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को सीधा संदेश देते हुए कहा, अब भारत के हक का पानी भारत के ही काम आएगा। पीएम मोदी ने कहा, हमारे देश में दशकों तक विपरीत धारा बही, जिसका देश को बहुत नुकसान उठाना पड़ा। पहले भारत के हक का पानी भी बाहर जा रहा था। अब भारत का पानी भारत के हक में बहेगा, भारत के हक में रुकेगा और भारत के ही काम आएगा। पीएम मोदी ने एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में कहा, पहले कोई भी बड़ा फैसला करने से पहले सोचा जाता था कि दुनिया क्या सोचेगी, कुर्सी बचेगी या नहीं, वोटबैंक छिटक तो नहीं जाएगा? स्वार्थों के कारण बड़े फैसले, बड़े बदलाव टलते जाते थे। ऐसे कोई देश आगे नहीं बढ़ता। देश तब आगे बढ़ता है, जब राष्ट्र प्रथम की सोच हो। बीते एक दशक में भारत इसी नीति पर चल रहा है। पहले की सरकारों में माई-बाप कल्चर हावी था, अब सेवा भाव से काम होता है। सरकार खुद जनसेवा के लिए तत्पर है। पीएम ने कहा, अतीत में कई ऐसे फैसले हुए जिन पर चर्चा के लिए कोई तैयार नहीं था। डर था कि वोट बैंक नाराज न हो जाए। मिसाल के लिए तीन तलाक का मामला, पर सत्ता में बैठे लोगों को इससे कोई मतलब नहीं था। हमारी सरकार ने कानून बनाया, पर वोट बैंक के लिए इस नेक काम को भी बदनाम करके रखा गया।
