ब्रिटेन के प्रतिष्ठित कैंब्रिज विश्वविद्यालय ने भारत में एक नए शोध केंद्र की शुरुआत की। विश्वविद्यालय ने मंगलवार को बताया कि कैंब्रिज-इंडिया सेंटर फॉर एडवांस्ड स्ट्डीज (सीएएस) नवाचार, शोध व शिक्षण पर केंद्रित होगा।
यह ब्रिटेन के अग्रणी विश्वविद्यालय और भारत की तेजी से बढ़ती ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था के बीच एक सेतु का कार्य करेगा। नया केंद्र भारत में कैंब्रिज विश्वविद्यालय की गतिविधियों के लिए एक केंद्रीय मंच के रूप में काम करेगा और बौद्धिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा। कुलपति डेबोरा प्रेंटिस ने कहा, कैंब्रिज-इंडिया सीएएस भारत के श्रेष्ठ शोधकर्ताओं और नवोन्मेषकों से सहयोग स्थापित करने तथा इस तेजी से बढ़ती ज्ञान अर्थव्यवस्था के साथ संबंध मजबूत करने का एक रोमांचक अवसर है। इस हफ्ते दिल्ली आए वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहीं प्रो. प्रेंटिस ने यह भी ऐलान किया कि विश्वविद्यालय कुछ स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए अतिरिक्त आवश्यकताओं के साथ सीबीएसई की 12वीं कक्षा की योग्यता को मान्यता देगा।
