उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के बाद मंगलवार को मसौदा सूची जारी कर दी गई। जिसमें 12.55 करोड़ मतदाता हैं। पिछले साल 27 अक्तूबर की मतदाता सूची में 15.44 करोड़ मतदाता थे। मसौदा मतदाता सूची से 2.89 करोड़ वोटरों के नाम कटे हैं। यानी हर पांच में एक मतदाता का नाम हट गया है। हालांकि, नाम काटने या जोड़ने के लिए संशोधन प्रक्रिया मंगलवार को ही शुरू कर दी गई, जो 6 फरवरी तक चलेगी। दावों व आपत्तियों के निपटारे के बाद चुनाव आयोग 6 मार्च को अंतिम मतदाता सूची जारी करेगा।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने बताया कि मसौदा मतदाता सूची में कुल 12,55,56,025 मतदाता शामिल हैं। यह संख्या पिछली सूची में शामिल मतदाताओं की तुलना में 81% है। सीईओ रिणवा ने बताया, 15,78,483 नए मतदाताओं ने पंजीकरण के लिए आवेदन किया है। इनके नाम भी जांच के बाद मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। मतदाता सूची में राज्य के सभी 75 जिले और 403 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इस प्रक्रिया में एक लाख 72 हजार 486 बूथ शामिल किए गए थे। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त 5,76,611 बूथ स्तरीय एजेंटों ने भी मदद की।
कैसे जानें मसौदा सूची में नाम है या कट गया ….. इसके लिए voterseci.gov.in पोर्टल पर जाकर Search in Electoral Roll पर क्लिक करें। अपने नाम, पिता के नाम या अपनी वोटर आईडी संख्या (इंपीआईसी) दर्ज करके स्थिति जान सकते हैं।
इसके अलावा, वोटर हेल्पलाइन एप का इस्तेमाल करके भी पता लगाया जा सकता है कि मसौदा सूची में आपका नाम है या नहीं। अगर ऑफलाइन जानकारी लेना चाहते हैं, तो अपने क्षेत्र के बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के पास जाकर जानकारी हासिल कर सकते हैं।
इन्हें हटाया गया ……..
2.17 करोड़ ऐसे लोग जो स्थायी रूप से कहीं और चले गए या सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान आवास पर नहीं मिले । 46.23 लाख नाम मृत्यु होने के कारण हटाए गए ।25.47 लाख नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होने की वजह से हटाए गए ।
