दुबई में रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी के महामुकाबले में भारत पाकिस्तान की भिड़ंत हुई। विराट कोहली ने जैसे ही चौका मारकर अपना शतक और भारत की जीत सुनिश्चित की वैसे ही शहर के चौक चौराहा पर पटाखे फूटने लगे। लोगों ने आतिशबाजी करते हुए रात भर जश्न मनाया। शहर ही नहीं बल्कि महाकुंभ नगरी में भी श्रद्धालुओं ने बड़ी टीवी स्क्रीन पर मैच का लुत्फ उठाया। मेले में भी मैच का खुमार रहा। क्रिकेट प्रेमियों ने मैच के दौरान नारेबाजी भी की। विराट श्रेयस और गिल की शानदार पारी व कुलदीप पांड्या और शमी की गेंदबाजी की बदौलत भारत ने मैच जीता। क्रिकेट प्रेमियों ने इस जीत के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की। दोपहर 2. 30 बजे से शुरू हुए मैच को दिखाने के लिए महाकुंभ मेला प्रशासन की ओर से अरैल समेत कई जगहों पर टीवी स्क्रीन लगाई गई। तेलियरगंज निवासी शिवम सिंह व शिवकुटी के सुधांशु तिवारी ने बताया कि भारत पाकिस्तान के मैच का इंतजार था। भारत की जीत से खुशी मिलीहै। राजापुर के सुमित चौरसिया ने बताया कि पापा बहुत दिन से साथ संगम चलने के लिए कह रहे थे। लेकिन रविवार को मैच होने के कारण स्नान करने नहीं गए। वही छोटा बघाड़ा के अनुभव केसरवानी ने बताया कि रविवार को ऑफिस बंद था। छुट्टी पर भारत- पाक का मैच देखने में आनंद आ गया।
