महाकुंभ नगर। मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को महाकुंभआयोजन के समापन की औपचारिक घोषणा करेंगे। साथ ही अलग-अलग आयोजनों में सफाई एवं पुलिस कर्मियों तथा अन्य वर्ग के लोगों को सम्मानित करेंगे। वह पुलिस कर्मियों के साथ सामूहिक भोज में भी शामिल होंगे। सीएम सुबह 10:30 बजे डीपीएस हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से 10:40 बजे गंगा पंडाल पहुंचेंगे। समापन समारोह गंगा पंडाल में होगा। यहां स्वच्छता कर्मियों, नाविकों, गंगा दूत सम्मानित किए जाएंगे। 12:10 बजे सीएम रानी दुर्गावती पंडाल के लिए रवाना होंगे। वहां नगर विकास मंत्री एके शर्मा विश्व रिकॉर्ड के प्रमाण पत्र सीएम को सौंपेंगे। यहां 10 सफाई कर्मियों और 10 स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित करने के बाद 1000 सफाई कर्मियों को कुंभ कोष और आयुष्मान योजना का प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। वह 1:15 बजे त्रिवेणी संकुल जाएंगे, जहां सौ नाविकों और सौ यूपीएसआरटीसी के ड्राइवरों के साथ संवाद करेंगे। त्रिवेणी संकुल से सीएम सेक्टर छह में नेत्रकुंभ में 3:10 बजे पहुंचेंगे। 3:40 बजे सीएम नागवासुकि, दशाश्वमेध होते हुए लेटे हनुमान मंदिर जाएंगे। वहां दर्शन-पूजन के बाद डिजिटल मीडिया सेंटर में मीडिया कर्मियों से भी संवाद करेंगे। शाम 5:50 बजे सीएम गंगा पंडाल पहुंचेंगे। वहां उनका संबोधन होगा। इसके बाद पुलिस के जवानों के साथ सामूहिक भोज में हिस्सा लेने के बाद वह शाम छह बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी इस दौरान मौजूद रहेंगे।
