मेला क्षेत्र के अरैल इलाके में पहली बार अस्थायी वेलनेस सेंटर का विकास किया जा रहा है। इसमें आध्यात्मिक और धार्मिक गतिविधियों के साथ वेलनेस और शिक्षा को भी जगह दी जा रही है। लगभग 2.5 लाख वर्ग फीट क्षेत्रफल में आवासीय टेंट के निर्माण के लिए एजेंसियों का चयन हो चुका है। इसमें चार ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। हर ब्लॉक में 50 से ज्यादा टेंट होंगे।
गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के तट पर आयोजित होने जा रहे माघ मेले में श्रद्धालुओं और आगंतुकों को सहज और यादगार अनुभव दिलाने के लिए मेला प्राधिकरण ने प्रीमियम सुविधाएं प्रदान करने की तैयारी की है। माघ मेले को आध्यात्मिक अनुभव के साथ स्वस्थ जीवन की गतिविधियों का साक्षी बनाने के लिए मेला प्राधिकरण अस्थायी वेलनेस सेंटर का भी विकास कर रहा है।
