नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास में महिला सशक्तीकरण को बेहद अहम बताते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में भाजपा-नीत एनडीए सरकार ने महिलाओं के नेतृत्व में विकास को पुनः परिभाषित किया है। इससे सामाजिक दृष्टिकोण में बदलाव आया है और विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभाने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में मिसाल बनकर उभर रही हैं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ के मौके पर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, हमारी माताओं, बहनों और बेटियों ने ऐसा समय भी देखा है जब उनको हर कदम पर मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। लेकिन आज उन्हें प्रगति के प्रमुख चालकों के रूप में पहचाना जाता है, जो देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। वे विकसित भारत की यात्रा में परिवर्तनकारी भूमिका निभा रही हैं।
