बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव-2026 में जीत हासिल करने वाले लगभग एक चौथाई पार्षदों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि हर चौथा 5वां पार्षद करोड़पति है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) के एक विश्लेषण में यह बात सामने आई है।
एडीआर ने अध्ययन में पाया कि पिछले महीने घोषित हुए चुनावों में 54 विजेताओं यानी 24% ने आपराधिक मामले दर्ज होने की बात स्वीकार की है और 29 प्रत्याशियों (13% पर गंभीर आपराधिक आरोप हैं। एडीआर ने यह डाटा महाराष्ट्र इलेक्शन वॉच के साथ मिलकर सभी 227 विजयी उम्मीदवारों के हलफनामों से संकलित किया है। पार्टीवार विश्लेषण से पता चला है कि भाजपा के 33% पार्षदों के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज हैं, जबकि शिवसेना के 24% और शिवसेना (यूबीटी) के 15% नेताओं के आपराधिक मामले दर्ज होने की घोषणा की है।
उम्मीदवारों की आर्थिक स्थिति के विश्लेषण से पता चलता है कि ज्यादातर प्रत्याशी वित्तीय रूप से मजबूत हैं। एडीआर के अनुसार, जीतने वाले प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 7.18 करोड़ रुपये है। 227 विजेताओं में से लगभग 180 (79%) के पास एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है।
