लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वक्फ सुधार जन-जागरण अभियान के तहत अवध क्षेत्र की कार्यशाला में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वक्फ सुधार से गरीबों को हक मिलेगा, यह सत्य लेकर हमें मुसलमानों के बीच पहुंचना है। भाजपा मुसलमानों के बीच में जाने की योजना बना रही है, यह सुनकर विपक्ष में खलबली मची है। कांग्रेस, सपा सहित तमाम दल जो तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति करते हैं, वह भ्रम फैला रहे हैं। वे इसे मुस्लिम विरोधी बिल के रूप में प्रचारित कर रहे हैं। केशव ने कहा कि वक्फ संशोधन अधिनियम देश के 90 फीसदी मुसलमानों के जीवन को खुशहाली से भर देने वाला साबित होगा। मुसलमान बेरोजगारी के संकट से बाहर निकलेंगे। उनके शैक्षिक स्तर में सुधार होगा। विरोधी दल पहले हिंदू और मुसलमान को आपस में बांटते हैं और फिर हिंदुओं को जातियों में बांटने का काम करते हैं। जबकि वास्तविकता है कि कांग्रेस, सपा मुसलमान अगड़ों, पिछड़ों और दलितों की हितैषी नहीं हैं। ये अपने परिवार की उन्नति के लिए राजनीति करने वाले दल हैं। देश का वातावरण खराब करके कांग्रेस राजनीतिक लाभ पाना चाहती है, लेकिन अब यह संभव नहीं है।उन्होंने कहा कि कार्यशाला में प्रशिक्षण लेकर हम सभी को जनसंवाद के लिए निकलना है। मुसलमानों के बीच विपक्षी दलों द्वारा फैलाए गए भ्रम को दूर करना है और वक्फ सुधार से मुसलमानों के आर्थिक, शैक्षिक व सामाजिक सुधार के रोड मैप को उनके सामने रखना है। कार्यशाला में पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने प्रशिक्षण दिया।
