मेजारोड रेलवे स्टेशन के पास 14 वर्षीय बच्चे का शव मिलने से सनसनी
प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक 14 वर्षीय बच्चे का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना मेजारोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 के पास रेलवे की चारदीवारी के समीप की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीण बकरियां चराने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर बच्चे के शव पर पड़ी। शव पर चोट के निशान मिले हैं जबकि बच्चे की टी-शर्ट भी फटी हुई थी, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस बच्चे की पहचान कराने और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाने के साथ पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ होने की उम्मीद है।
