प्रतापगढ़। विवेक नगर स्थित होटल ग्रैंड में सोमवार दोपहर मौजूद युगल को युवती के परिजनों ने पकड़ लिया और युवक को मारते-मारते अधमरा कर दिया। उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय रेफर कर दिया। युवती का आरोप है कि युवक ने धर्म छिपाकर उससे दोस्ती की और ब्लैकमेल कर रहा था।
हमले में घायल युवक की पहचान दिलीपपुर के गोपालपुर निवासी मकसूद अहमद (25) के रूप में हुई है। युवती की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, वह एक जनसेवा केंद्र में काम करती है। वहीं युवक से उसकी मुलाकात हुई। फिर इंस्टाग्राम पर बात होने लगी। एक बार उसने इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड मांग लिया। इसके बाद उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा।
युवती के अनुसार मकसूद ने कई बार होटल में उसके संग दुष्कर्मकिया। उससे पैसे भी लिए। लोकलाज के भय से उसने किसी कोबताया नहीं। सोमवार को फिर उसने होटल में बुलाकर 10 लाख की मांग की। नहीं देने पर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
होटल में दोनों की मौजूदगी जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो वे कुछ करीबियों के साथ वहीं पहुंच गए। कमरे से ही मकसूद को पीटते हुए सड़क तक घसीट लाए। पुलिस के पहुंचने पर ही उसे छोड़ा। इसके बाद पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। सीओ सिटी शिवनारायण व नगर कोतवाल नीरज यादव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस दो संदिग्ध युवकों को बाइक समेत कोतवाली ले आई।
