नई दिल्ली/लखनऊ। मध्य और उत्तरी भारत में तेज गर्मी का कहर शुरू हो गया है। पूर्वी यूपी, मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बीते 24 घंटे में तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच पहुंच गया। वहीं, दिल्ली और उससे सटे इलाकों में इसी दौरान तापमान 36 से 40 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों तक दिल्ली और उससे सटे राज्यों में लू की चेतावनी दी है। रात का पारा भी बढ़ेगा। विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत, महाराष्ट्र व दक्षिणी भारत में अगले चार दिन में पारा 2 से 4 डिग्री तक बढ़ेगा व उसके बाद के तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में झुलसाने वाली गर्मी पड़नी शुरू हो गई है। पश्चिमी यूपी व दिल्ली से सटे कई जिले लू की चपेट में हैं। रविवार को प्रदेश के लगभग 10 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार चला गया। मौसम विभाग ने सोमवार व मंगलवार को आगरा और दिल्ली से सटे जिलों गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद और आसपास के इलाकों में लू के थपेड़े चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके असर से पुरवाई हवाएं चलेंगी। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी होगी पर तापमान में मामूली फर्क आएगा।
