सस्ते प्लॉट का सपना दिखाकर लोगों से अरबों रुपये की ठगी करने वाली शाइन सिटी शहर की पहली कंपनी नहीं है, बल्कि और भी कई कंपनियां लोगों को झांसा देकर करोड़ों रुपये की चपत लगा चुकी हैं। इनमें सिविल लाइंस स्थित निहारिका वेंचर्स, प्री-चार्ज पे समेत अन्य शामिल हैं।
इनके खिलाफ शहर के थानों में कई एफआईआर दर्ज हैं। थानों से लेकर कोर्ट तक के चक्कर काट रहे पीड़ितों को ठगी की रकम नहीं मिल सकी है। वहीं, शाइन सिटी के निदेशक राशिद नसीम की दुबई में गिरफ्तारी के बाद पीड़ितों को कुछ हद तक राहत मिली है।
पुलिस का कहना है कि शाइन सिटी कंपनी के ज़रिये सिर्फ प्रयागराज में ही 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी हो चुकी है। उधर, आरोपी राशिद नसीम की गिरफ्तारी की खबर सुनकर लोगों के थाने में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। हालांकि, थानों से उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।
रुपये दोगुने करने के नाम पर ठगी : मार्च 2025 में शाहगंज थाने में पटाखा कारोबारी मोहम्मद कादिर समेत अन्य पर एफआईआर दर्ज की गई। आरोप था कि चिट फंड की फर्जी कंपनी में रुपये दोगुने करने का लालच देकर सैकड़ों लोगों से करीब सौ करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। प्री-चार्ज पे नाम से कंपनी बनाकर आरोपियों ने शहर में अपना नेटवर्क बनाया। पहले छोटे निवेशकों की जमा राशि को दोगुना कर भरोसा जीता, लेकिन जैसे-जैसे रकम बढ़ी तो आरोपियों ने रुपये लौटाने बंद कर दिए। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य फरार हैं।
