पाकिस्तान में एक बार फिर बड़ा ट्रेन हादसा सामने आया है. कुछ महीनों पहले हाईजैक हुई जाफर एक्सप्रेस दुर्घटना का शिकार हो गई है. रेलवे ट्रैक पर धमाके के कारण जाफर एक्सप्रेस की 6 बोगियां पटरी से नीचे उतर गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. यह हादसा पाकिस्तान के जैको बाबाद में देखने को मिला. जाफर एक्सप्रेस पेशावर से क्वेटा जा रही थी, तभी रेलवे ट्रैक पर भयंकर धमाका हुआ और ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई. पुलिस का कहना है कि यह धमाका इतना तेज था कि रेलवे ट्रैक पर तीन फुट गहरा गड्डा बन गया. यही नहीं, ट्रैक की 6 फुट लंबी पटरियां उखड़ गईं. कुछ ही देर में जाफर एक्सप्रेस इस ट्रैक से गुजरी और ट्रेन की 6 बोगियां पटरी से नीचे उतर गईं. इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. जैको बाबाद के रेलवे ट्रैक पर हुए इस धमाके की वजह अभी तक सामने नहीं आई है.
