प्रयागराज। लोकनाथ की जग विख्यात कपड़ा फाड़ होली में इस बार खास इंतजाम किए गए हैं। लोकनाथ मिलन संघ ने गुलाल के साथ फूलों की पंखुड़ियों को ब्लोइंग मशीनों से बरसाने का निर्णय लिया है। पांच ब्लोइंग मशीनों से 50 क्विंटल से अधिक फूल-गुलाल की बौछार होगी।
लोकनाथ की होली सुबह 10 बजे महापौर गणेश केसरवानी की मौजूदगी में शुरू होगी। महामंत्री किशोर चौरसिया, आयोजन समिति के संयोजक रामलाल चौरसिया के नेतृत्व में 60 से अधिक युवा 13 मार्च की रात से ही स्पीकर बंधवाने लगेंगे। इस बार नीम के पेड़ के आगे से लेकर बजाजा पट्टी, फूलमंडी तक स्पीकर लगाए जाएंगे। लोकनाथ मिलन संघ के अध्यक्ष निखिल, पांडेय बताते हैं कि तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। हाथरस से 30 क्विंटल गुलाल मंगाया गया है तो 10 क्विंटल गेंदा-गुलाब के फूलों की पंखुड़ियां बरसाई जाएंगी। इसके लिए पांच ब्लोइंग मशीनें लगेंगी। पांच क्विंटल कागज की कतरने और पांच क्विंटल अबीर भी उड़ेगा। चार स्थानों पर टैंकरों के जरिये छतों से रंग बरसाया जाएगा।
दोपहर 2:30 बजे तक लोकनाथ
की होली खेली जाएगी। हालांकि, जीभर रंग घोलने और बौछार करने की तैयारी में जुटे पुरनिए अभी से कछौटी काछने लगे हैं।
