ढाका। सोमवार की दोपहर बांग्लादेश वायु सेना का एक प्रशिक्षण विमान ढाका के उत्तरी उत्तरा क्षेत्र में एक स्कूल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त होने से 20 लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय माइलस्टोन स्कूल-कॉलेज में छात्रों की कक्षाएं चल रही थीं। स्कूल-कॉलेज की इमारत पर गिरा एफ-7 बीजीआई विमान वायु सेना का था। हादसे में 50 लोग गंभीर बताए गए हैं, जिससे मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। इस दौरान 75 लोगों को बर्न यूनिट भेजा गया। 25 को मामूली चोटें आईं। अधिकांश पीड़ित छात्र हैं।
यह दुर्घटना भारत के अहमदाबाद में मेडिकल कॉलेज के छात्रावास पर हुए एअर इंडिया विमान हादसे के समान थी। बांग्लादेशी रक्षा मंत्रालय ने कहा, प्रशिक्षण विमान ने दोपहर 1:06 बजे उड़ान भरी। उसके तुरंत बाद कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अग्निशमन सेवा केंद्रीय नियंत्रण कक्ष की ड्यूटी ऑफिसर लीमा खानम ने कहा, हमारी टीम बचाव में लगी है। वायु सेना ने घायल चार लोगों को बचाया है और उन्हें ले गई है। कई मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पायलट के बारे में भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि विमान एक जोरदार धमाके के साथ दुर्घटनाग्रस्त हुआ और तुरंत आग लग गई। हादसे के तुरंत बाद अग्निशमन इकाइयां, एम्बुलेंस और वायु सेना के हेलिकॉप्टर घटनास्थल पर पहुंचे
