वाशिंगटन। सीनेट के रिपब्लिकन सदस्यों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े कर छूट और सरकारी खचों में बड़ी कटौती के प्रस्ताव वाले बिग ब्यूटीफुल बिल को मंगलवार को अब तक के सबसे कम मतों के अंतर से पारित कर दिया। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सीनेट में बिल के पक्ष और विपक्ष में 50-50 वोट पड़ने के बाद अपने टाईब्रेक अधिकार का इस्तेमाल किया और बिल पास होने में मदद की। अब यह बिल अमेरिकी कांग्रेस की प्रतिनिधिसभा में भेजा जाएगा।
रिपब्लिकन पार्टी के सदस्य हर हाल में इसे चार जुलाई से पहले पारित कर ट्रंप की टेबल पर हस्ताक्षर के लिए रखना चाहते हैं।
चार जुलाई अमेरिका का स्वतंत्रता दिवस है और ट्रंप इस ऐतिहासिक दिन अपने इस बिल को अमल में लाना चाहते हैं।
सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के तीन सांसदों ने बिग ब्यूटीफुल बिल का विरोध किया जिसकी वजह से 100 सदस्यीय सीनेट में पक्ष और विपक्ष में बराबर वोट पड़े। सीनेट में रिपब्लिकन सदस्यों की संख्या 53 जबकि डेमोक्रेट की 45 है। दो सदस्य निर्दलीय हैं। दोनों निर्दलीय और रिपब्लिकन पार्टी के तीन सदस्यों टॉम टिलिस, सूसन कॉलिंस और रैंड पॉल ने डेमोक्रेटिक पार्टी के सीनेटरों के साथ बिल के विरोध में मतदान किया। कॉलिंस ने तो बिल के विरोध में वोट देने का कारण भी विस्तार से सोशल मीडियालिखा। उन्होंने कहा, मैं बड़े कर छूट को स्थायी बनाने की पक्षधर हूं लेकिन इस बिल के जरिए स्वास्थ्य क्षेत्र में की जाने वाली कटौती से किसी भी तरह सहमत नहीं हूं। इसलिए मैं इसके विरोध में हूं।
रिपब्लिकन पार्टी के और भी कई सीनेटर स्वास्थ्य खर्च कटौती को लेकर जनता के गुस्से की वजह से बिल के पक्ष में मतदान करने को इच्छुक नहीं थे लेकिन पार्टी के रणनीतिकारों और सीनेट के अध्यक्ष वेंस ने लगातार प्रयास कर उन्हें पक्ष में वोट देने के लिए मना लिया।
