प्रयागराज। महाकुंभ-2031 के पहले संगम नगरी में गंगा पर तीन एवं यमुना पर दो नए पुल का तोहफा मिलने की उम्मीद बंधी है। गंगा पर सलोरी-हेतापट्टी पुल का निर्माण कार्य इसी वर्ष 15 सितंबर के बाद शुरू हो जाएगा।
इसके अलावा गंगा पर शास्त्री पुल के समानांतर एवं दारागंज ओल्ड जीटी रोड से झूसी को जोड़ने के लिए भी दो और पुल का भी प्रस्ताव है। वहीं यमुना नदी पर करेला बाग से मडौका मार्ग पर एवं केबिल ब्रिज के समानांतर एक और पुल बनाए जाने का प्रस्ताव है।
सर्किट हाउस में सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में प्रयागराज और विंध्याचल मंडल के जनप्रतिनिधियों की बैठक में तमाम प्रस्तावों पर मंगलवार को मंथन हुआ। प्रयागराज के जनप्रतिनिधियों की ओर से जो प्रस्ताव आए, उसमें मुख्य रूप से गंगा और यमुना नदी पर पांच पुल के निर्माण का प्रस्ताव प्रमुख रूप से शामिल रहा। पीडब्ल्यूडी की कार्यसूची में इन पुलों को शामिल किया गया है। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने यमुना नदी पर करेला बाग से मडौ का मार्ग पर फोर लेन पुल एवं नैनी स्थित केबिल ब्रिज के समानांतर एक फोर लेन पुल के निर्माण का प्रस्ताव दिया।
सीएम को दी गई कार्यसूची में इसकी लागत क्रमशः 479 करोड़ एवं 620 करोड़ रुपये बताई गई। वहीं शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने 844 करोड रुपये की लागत से गंगा नदी पर दारागंज झुसी मार्ग (पुरानी जीटी रोड) को जोड़ने के लिए फुटपाथ सहित फोर लेन पुल एवं शास्त्री पुल के समानांतर 840 करोड रुपये की लागत से एक अन्य फोर लेन पुल के निर्माण का प्रस्ताव दिया।
