प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के तीन छात्र शुक्रवार को स्नान करने के दौरान संगम में डूब गए। इनमें से दो तो बचा लिए गए, लेकिन प्रभात चतुर्वेदी (26) की मौत हो गई। बचाए गए दो छात्रों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक छात्र कुंभ मेला पुलिस की सोशल मीडिया सेल से जुड़ा था।
प्रभात मूलरूप से शिवराजपुर, शंकरगढ़ का रहने वाला था। वर्तमान में वह कीडगंज में किराये पर कमरा लेकर रहता था। वह इविवि के मीडिया स्टडीज विभाग में एम वोक अंतिम वर्ष का छात्र था। उसके फुफेरे भाई अमरीश ने बताया कि इन दिनों प्रभात व उसके साथ पढ़ने वाले कुछ छात्र कुंभमेला पुलिस सोशल मीडिया सेल के साथ काम कर रहे थे।
शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे के करीब वह साथ पढ़ने वाले अभिषेक यादव निवासी मऊआइमा, शुभम यादव निवासी, झूसी व सोनाली गुप्ता निवासी जौनपुर के साथ संगम स्नान के लिए गया था। सोनाली घाट पर ही खड़ी रही, जबकि अन्य तीनों स्नान के लिए नदी में उतर गए। नहाते वक्त प्रभात अरैल की ओर आगे बढ़ने लगा और इसी दौरान गहराई में जाकर डूबने लगा। यह देख अभिषेक व शुभम उसे बचाने के लिए बढ़े तो वह भी डूबने लगे।
