प्रयागराज। एशियाई देशों के ठगों से मिलकर डिजिटल अरेस्ट कर लोगों को ठगने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को साइबर थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। पांचों टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से कंबोडिया, लाओस, चीन समेत अन्य देशों में बैठे साइबर अपराधियों के लिए काम करते थे। इसके लिए उन्हें कमीशन मिलता था।
आरोपियों से पुलिस ने तीन वाहन, आठ मोबाइल, 14 सिमकार्ड, पांच चेकबुक, एक एटीएम समेत अन्य सामान बरामद किया है। डीसीपी साइबर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि सितंबर 2024 में धूमनगंज थाना क्षेत्र के मुंडेरा निवासी इंजीनियर हर्ष भट्ट को डिजिटल अरेस्ट कर 28.62 लाख रुपये की ठगी की गई थी। केस दर्ज करने के बाद साइबर पुलिस जांच कर रही थी।बुधवार को जालौन के उरई माधवगढ़ (वर्तमान पता ग्रेटर नोएडा के मुनकोट जेपी ग्रींस) निवासी कौस्तुभ गुप्ता, सहारनपुर के जनक नगर (वर्तमान पता ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 151 जेपी अमन) निवासी भानू सैनी, दिल्ली के करतार नगर निवासी अनुराग, कानपुर के नौबस्ता खाड़ेपुर योगेंद्र बिहार निवासी शनि झा और इटावा के भरथना सराय मिळे निवासी हिमांशु कुमार को गिरफ्तार किया गया।
