कैंट थाने के पास स्थित एक ज्वेलरी की दुकान से लाखों के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने तीन दिन बाद खुलासा किया है। झारखंड के गिरोह ने रेकी के बाद चोरी की थी। सोमवार को पुलिस ने झारखंड के साहिबगंज निवासी आरोपी बकरीदउल शेख उर्फ पोपो (21), समीउल शेख उर्फ छोटू (20), परवेज आलम उर्फ तौशीफ उर्फ नेपाली (21) व अतरसुइया मीरापुर निवासी गौरव कनौजिया उर्फ मुकुल को काली पलटन बाबा जी की कुटी के पास से गिरफ्तार किया।
डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गंगानगर नेवादा निवासी चंदन उर्फ प्रियांशु वर्मा की सदर बाजार स्थित ज्वेलरी की दुकान में शुक्रवार रात चोरी की वारदात हुई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
जांच में पता चला कि आरोपी कई साल से करेली क्षेत्र की झुग्गी बस्ती में रह रहे हैं। आरोपियों के पास से 450 ग्राम पीली धातु (सोना) व 1.8 किलो सफेद धातु (चांदी) और घटना में प्रयुक्त दो बाइक व लोहे की रॉड बरामद हुई है। पूछताछ में गैंग के मुख्य सरगना अशद व नीरज के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है ।
