बजहां गांव की दौलतपुर बस्ती में रविवार की रात युवक ने अपने घर में दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर शव फेंक दिया। वारदात शराब पीने के दौरान हुए विवाद में हुई। मामले में तीन सगे भाइयों और उनकी मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मां हिरासत में है। अन्य आरोपी फरार हैं।
दौलतपुर बस्ती निवासी राममूरत कुलदीप (24) बीच का था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। डेढ़ माह पहले वह गुजरात के सूरत जिले से लौटा था। घर से कुछ दूरी पर ही कुलदीप के दोस्त मुन्ना बिंद का मकान है।
परिजनों के मुताबिक, रविवार की शाम कुलदीप अपने दोस्त मुन्ना के साथ गया था। सोमवार की भोर तकरीबन पांच बजे उसका शव मुन्ना के घर के सामने सड़क के किनारे खून सना मिला।
परिजनों की सूचना पर एसीपी झुंसी विमल किशोर मिश्र एवं एसओ झुंसी पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए महेश मिश्र पुलिस फोर्स के साथ मौके पर भेजा। मौके पर डॉग स्क्वायड व. फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। तफ्तीश के दौरान आरोपी मुन्ना के घर के भीतर खून के छींटे, शराब की बोतलें व हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का चैला बरामद किया गया। पिता राममूरत की तहरीर पर सगे भाई मुन्ना, पप्पू, देसी बिंद और मां बबनी देवी के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई ।
