प्रयागराज। विधान परिषद की शिक्षा का व्यवसायीकरण संबंधी जांच समिति की बैठक में मंगलवार को छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। समिति के अध्यक्ष डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों से पूछा कि इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, डिप्लोमा, आईटीआई कॉलेजों में पढ़ने वाले कितने छात्र वर्ष 2021 के बाद हादसे के शिकार हुए हैं।
उन्होंने क्षतिपूर्ति के लिए अभियान के तहत फॉर्म भरवाकर छात्रों का बीमा कराने के साथ ही पुलिस, परिवहन विभाग से समन्वय कर दुर्घटनाओं का डाटा एकत्र करने के लिए कहा है। इसके अलावा स्कूली बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों के आसपास निर्धारित सीमा के अंदर कोई भी शराब की दुकान नहीं रहनी चाहिए। दुर्घटना बाहुल्य स्थलों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित करते हुए वहां पर संकेतक लगाए जाएं।
जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि किसी भी बाहरी व्यक्ति से कार्यालय का कार्य न लिया जाए। अन्य 32 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस मौके पर विधान परिषद समिति के सदस्य अंगद सिंह, सुरेंद्र चौधरी, सदस्य डॉ. बाबू लाल तिवारी, मुनेश कुमार उप सचिव सुधीर यादव मौजूद रहे।
डीएम रवींद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि समिति की ओर से जो निर्देश दिए गए है, उसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
