फूलपुर (प्रयागराज)। शादी समारोह के लिए लगे टेंट को खोलते समय बगल से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बृहस्पतिवार को दो मजदूरों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) में भर्ती कराया गया है।
गगौर गांव निवासी विजय पटेल के यहां बुधवार को बारात आई थी। बृहस्पतिवार को बेटी की विदाई के बाद जनवासे में लगे टेंट को उतारने के लिए एक मजदूर ऊपर चढ़कर टेंट के पर्दे खोल रहा था। उसके दो साथी सीढ़ी पकड़े खड़े थे। अचानक तेज
हवा के चलते सीढ़ी पलट गई और बगल से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टच कर गई, जिससे तीनों करंट की चपेट में आ गए।
हादसे में फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मजदूर सूरज (20) पुत्र राकेश एवं फूलचंद (30) पुत्र गाते निवासी सावडीह गुलहरिया थाना फूलपुर की मौके पर मौत हो गई। टेंट खोलने चढ़े करण वर्मा (16) पुत्र नागेंद्र झुलसकर दूर जा गिरा, जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले जाया गया। लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने एसआरएन के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
