करछना। कचरी गांव के सामने मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे पर कंटेनर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। दोनों बारात में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, खाई गांव से बृहस्पतिवार को रामनगर के लिए बारात निकली थी। शादी में शामिल होने के लिए रात करीब साढ़े आठ बजे गांव के ही भोला कुशवाहा (40) पुत्र रोशन लाल तथा धर्मराज (45) पुत्र स्व. डंगर बाइक से निकले थे।
कचरी गांव के सामने हाईवे पर पहुंचे थे कि शहर की ओर से तेज रफ्तार आ रहा कंटेनर ट्रक अनियंत्रित हो गया और बाइक सवारों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे लेकिन मौके पर ही दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी होने पर भीरपुर रिपोर्टिंग पुलिस चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह व मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों के शव को देख परिजन बिलख पड़े। चीख-पुकार मच गई। उधर, बारात में शामिल होने गए लोगों को घटना की जानकारी हुई तो वहां से काफी लोग घटनास्थल पर आ गए।
लोगों में आक्रोश भी था। लेकिन पुलिस मृतकों के घर वालों को समझा-बुझाकर – शांत कराया और शवों को पोस्टमार्टम भेज दिया। चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि कंटेनर ट्रक को मेजा चौकी के पास पकड़ लिया गया है। कंटेनर ट्रक चालक भाग निकला। कार्रवाई की जा रही है।
