भारत ने युवा उद्यमियों की ओर से चलाई जा रही उच्च-मूल्य (हाई-वैल्यू) वाली कंपनियों की संख्या में चीन को पीछे छोड़ दिया है। खासकर 40 साल या उससे कम उम्र के ऐसे उद्यमियों के मामले में, जिन्होंने अपने दम पर 10 करोड़ डॉलर से अधिक मूल्य की कंपनियां खड़ी की हैं।
एवेंडस वेल्थ हुरुन इंडिया यूटीएच सीरीज-2025 रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में 10 करोड़ डॉलर से अधिक मूल्य वाली कंपनियां बनाने वाले 40 साल या उससे कम उम्र के उद्यमियों की संख्या 166 है, जबकि चीन में सिर्फ 140 युवा संस्थापक ही हैं। हालांकि, 20 करोड़ डॉलर से ज्यादा मूल्य वाली कंपनियां चलाने वाले अगली पीढ़ी (नेक्स्ट जेनरेशन) के उद्यमियों की संख्या भारत के मुकाबले अधिक है। चीन में ऐसे 54 युवा उद्यमी है, जबकि भारत में यह संख्या 35 है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में 40 साल से कम उम्र के ऐसे उद्यमियों की संख्या चीन के मुकाबले अधिक है, जिन्होंने 10 करोड़ डॉलर की कंपनियां बनाई हैं या 20 करोड़ डॉलर से अधिक वैल्यू वाली इकाई चला रहे हैं। भारत में ऐसे उद्यमियों की संख्या 201 है, जो चीन के 194 की तुलना में अधिक है। इसके अलावा, भारत में पहली पीढ़ी के 83 फीसदी उद्यमी हैं, जबकि चीन में यह संख्या 72 फीसदी है।
