होलिका दहन में लकड़ी डालने के दौरान डंडी मारने के विवाद में हाईस्कूल के एक छात्र ने रविवार दोपहर 14 वर्षीय दोस्त का गला दबाकर कीचड़ में औंधे मुंह गिरा दिया। गला दबाने और कीचड़ में सांस न ले पाने से किशोर की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी तालाब किनारे शव छोड़कर भाग गया। पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर सात्ती गांव निवासी रामप्रसाद राजपूत के बेटे अंशू उर्फ छोटू (14) ने पांचवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। शनिवार शाम वह हाईस्कूल में पढ़ने वाले दोस्त और उसके मामा के साथ होलिका में लकड़ी डालने गया था। यहां अंशू ने मजाक में उसके मामा को डंडी मार दी। इसी पर दोनों के बीच तकरार हो गई। गुस्साए मामा ने अंशू को थप्पड़ जड़ दिए और गाली-गलौज भी हुई।
रविवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे अंशू घर से निकला और गांव के किनारे अरखाही तालाब पर पहुंचा। यहां पहले से कुछ लोग मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान दोस्त भी वहां पहुंच गया। शनिवार के अपमान को लेकर फिर विवाद शुरू हुआ और बढ़ते-बढ़ते इतना उग्र हो गया कि दोस्त ने अंशू का गला दबाकर उसे कीचड़ में गिरा दिया। आसपास के लोग दौड़े लेकिन तब तक अंशू की मौत हो चुकी थी।
