प्रयागराज। महाकुंभ के समापन के बाद मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों की सफाई का 15 दिवसीय महाअभियान शुरू हो गया है। सीएम के निर्देश पर इसकी शुरुआत की गई है। इसके लिए 17 हजार लोगों को लगाया गया है। इससे गंदगी और बदबू से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकेगी।
मेला प्रशासन की ओर से घाटों, मंदिरों, सड़कों की सफाई के लिए शुक्रवार को अभियान शुरू हुआ। महाकुंभ की ओएसडी व स्वच्छता प्रभारी आकांक्षा राणा ने बताया, 15 हजार सफाई कर्मियों के साथ 2000 गंगा सेवा दूतों को अभियान में लगाया गया है। निकले कचरे का निस्तारण बसवार प्लांट में होगा।
मेला क्षेत्र के आसपास भी विशेष सफाई अभियान चलेगा। नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि सफाई व्यवस्था के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। 15 दिनों तक चलने वाले सफाई अभियान में कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
