पुणे। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पाकिस्तान को पूरी एक पारी से मात दी है। पाकिस्तान ने 48 घंटे तक लगातार भारत से लड़ने का दम भरा था, लेकिन हमारी सेना ने उसे आठ घंटे में ही उसे घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। सीडीएस चौहान ने टेस्ट क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कहा कि जब आप मैच में पारी से जीत जाते हैं, तो यह मायने नहीं रखता कि कितने विकेट गिरे, कितनी गेंदें हुईं या कितने खिलाड़ी थे।
सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में भविष्य के युद्ध विषय पर अपने संबोधन में जनरल चौहान ने कहा, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तानी ठिकानों पर बहुत सोच-समझकर सटीक हमले किए। पाकिस्तान को थोड़ी ही देर में समझ आ गया था कि उसे गलतफहमी है कि वह 48 घंटे तक टिकेगा। यही कारण रहा कि उसने घुटने टेके और भारतीय हमलों से बचने के लिए बातचीत का रास्ता चुना। जनरल चौहान ने कहा कि पाकिस्तान को आभास हो गया था कि वह अगर संघर्ष को और घसीटेगा तो उसे भारी नुकसान होगा।
