लंदन। कप्तान शुभमन गिल (21) की रन लेने में दिखाई गई जल्दबाजी भारतीय टीम को पांचवें और अंतिम टेस्ट में भारी पड़ सकती है। गिल लय में नजर आ रहे थे, लेकिन गेंद पुश करते ही रन लेने के लिए भागना उन्हें महंगा पड़ गया।
बारिश से प्रभावित ओवल टेस्ट के पहले दिन घसियाले विकेट पर भारतीय ओपनिंग जोड़ी कोई करिश्मा नहीं कर पाई और गिल भी रनआउट हो गए। खबर लिखे जाने तक भारत ने 6 विकेट पर 202 रन बनाए थे। करुण नायर 52 और सुंदर 17 पर थे। नायर का इस सीरीज में पहला अर्धशतक है। बारिश के बाद सुदर्शन (38) और जडेजा (9) रन बनाकर टंग की गेंद पर आउट हुए। हालांकि, गिल ने बतौर कप्तान एक सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड स्थापित कर दिया।
लगातार पांचवें टेस्ट में टॉस हारे। ओली पोप ने उन्हें बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार 15वीं बार टॉस हारा है, जो रिकॉर्ड है। भारत ने चार परिवर्तन किए। बुमराह की जगह आकाशदीप को रखा गया। पंत की जगह ध्रुव जुरेल शामिल हुए। शार्दुल की जगह करुण नायर को शामिल किया, जबकि अंशुल कंबोज की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को जगह मिली।
