गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को गौडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) क्षेत्र में 2251 करोड़ रुपये के निवेश और विकास परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण किया। सीएम ने मल्टीनेशनल कंपनी कोका-कोला के बॉटलिंग प्लांट का भूमिपूजन और देश में अग्रणी प्लास्टिक उत्पाद-पैकेजिंग कंपनी टेक्नोप्लास्ट की यूनिट का लोकार्पण भी किया।सीएम ने कहा कि सपा सरकार में व्यापारियों और उद्यमियों से गुंडा टैक्स की वसूली उनके संस्कार का हिस्सा था। आज ऐसा करने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता। किसी ने गुंडा टैक्स वसूला तो अगले चौराहे पर यमराज उसका इंतजार करते मिलेंगे। सीएम ने कहा कि गोरखपुर, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 2017 के पहले निवेश सपना था। डबल इंजन सरकार के द्वारा प्रतिबद्धता से जनसेवा के किए गए कार्यों का परिणाम है कि आज प्रदेश में विकास, निवेश और रोजगार की संभावनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।सीएम ने बिना नाम लिए सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जाति के नाम पर समाज को बांटने और प्रदेश को दंगों की आग में झोंकने वाले लोगों ने नागरिकों के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया। वोट बैंक की राजनीति में सुरक्षा से खिलवाड़ किया।
