प्रतापगढ़। मुल्लापुर बाजार से बृहस्पतिवार को अगवा किशोर की हत्या कर दी गई है। शनिवार की रात उसका शव भुइदहा कोड़री मोहल्ले में स्थित एक कुएं में मिला। वारदात की वजह प्रेम प्रसंग बताई जा रही है। मामले में पांच अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। इनमें से पुलिस ने चारं आरोपियों को चिह्नित कर 25-25 हजार काइनाम घोषित किया। बाद में दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया।
राजापुर निवासी गिरवर पटेल का छोटा बेटा विकास पटेल (16) नौंवी की पढ़ाई छोड़ शादी-विवाह में – डेकोरेशन का काम करता था। चारसितंबर की शाम किसी के बुलाने पर वह घर का सामान लेने व उससे मिलने मुल्लापुर बाजार गया था। देर रात तक नहीं लौटा तो घर वालों ने तलाश की लेकिन पता नहीं चला।
विकास की मां श्यामा देवी के अनुसार खोजबीन के दौरान पता चला कि उसके बेटे को पांच लोग पकड़ कर भुइदहा कोड़ी स्थित गैस एजेंसी की ओर लात-घूसों से मारते-पीटते ले जा रहे थे। दो दिन तक पता नहीं चला तो शनिवार को श्यामा देवी ने विकास के गायब होने की कोतवाली देहात में तहरीर दी। पांच अज्ञात के खिलाफ पिटाई करते हुए अगवा कर ले जाने का मुकदमा दर्ज किया गया। रात में ही पुलिस ने कुएं से शव खोज निकाला।
सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम में सीने पर आईं चोटों से मौत होने की बात सामने आई है। रविवार को शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। परिवार वाले आरोपियों की गिरफ्तारी व एनकाउंटर और विधायक को बुलाने की जिद पर अड़ गए। शाम को पहुंचे विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल और पुलिस अफसरों के समझाने पर सई नदी के किनारे कादीपुर घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
